गिनिज बुक का नाम सभी जानते होंगे नही जानते हो तो हम बता देते है इसमें अनोखे रिकॉर्ड्स को दर्ज किया जाता है। क्रिकेट के खेल भी में कई रिकॉर्ड बनते और टूटते रहते हैं लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे भी होते हैं जिनको विशेष रिकॉर्ड का दर्जा दिया जाता हैं। क्रिकेट में ऐसे बहुत से रिकॉर्ड हैं जो विशेष की कैटेगरी में आते हैं या अपने आप में अनोखे हैं लेकिन इन सभी को गिनिज बुक में स्थान नहीं मिलता। बल्कि क्रिकेट की दुनिया से बहुत कम रिकॉर्ड ही गिनिज बुक तक पहुंच पाए हैं। तो आइए जानते हैं क्रिकेट के ऐसे रिकॉर्ड जो गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी है दर्ज।
1. सबसे महंगा बल्ला
साल 2011 विश्व कप का फाइनल तो आपको याद ही होगा और किसको याद नही होगा जिस विश्व कप को भारत ने जीता था, जिस तरह से 2011 विश्व कप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने जिस बल्ले से छक्का लगाकर भारत को विश्व चैंपियन बनाया था वो पल शानदार था। आपको जानकर हैरानी होगी वो बल्ला क्रिकेट इतिहास का सबसे महंगा बल्ला है। इस बल्ले को भारत की एक कंपनी आर के ग्लोबल शेयर एंड सिक्योरिटी लिमिटेड ने 161,295 डॉलर की भारी कीमत देकर खरीदा था।
2. विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड
क्रिकेट विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का कीर्तिमान गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है। भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (क्रिकेट के भगवान) के नाम ये रिकॉर्ड दर्ज है। सचिन तेंदुलकर ने 6 विश्व कप में हिस्सा लेते हुए कुल 45 मैचों में 57 की शानदार औसत से 2278 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 15 अर्धशतक भी बनाए।
3. क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज गेंद
क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज गेंद फेंकने का विश्व रिकॉर्ड पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के नाम दर्ज है। शोएब अख्तर ने 2003 विश्व कप में इंग्लैंड के बल्लेबाज निक नाइट को एक गेंद फेंकी जिसकी गति 161.3 किमी प्रति घंटा थी, यानी गेंद की रफ्तार 100 मील प्रति घंटे के पार थी। इस रिकॉर्ड को भी गिनीज बुक में दर्ज किया गया।
4. कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने का रिकॉर्ड
एक कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ के नाम दर्ज है। ग्रीम स्मिथ ने साउथ अफ्रीका की कप्तानी करते हुए 100 टेस्ट मैच खेले। 24 अप्रैल 2003 को साउथ अफ्रीका की कप्तानी संभालने वाले ग्रीम स्मिथ ने 1 फरवरी 2013 को सौवें टेस्ट में कप्तानी करते हुए ये रिकॉर्ड हासिल किया।
5. सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट
क्रिकेट का सबसे बड़ा टूर्नामेंट ईनाडू क्रिकेट चैंपियन कप 2013 है। इस टूर्नामेंट में कुल 16,215 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस टूर्नामेंट का आयोजन भारत के अलग- अलग हिस्सों में 30 दिसंबर 2013 से 20 फरवरी 2014 के बीच आयोजित किया गया।
6. सबसे महंगा क्रिकेट सामान जो नीलामी में बिका
महान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज सर डोनाल्ड ब्रेडमैन की 1948 की कैप क्रिकेट इतिहास की सबसे महंगी चीज के रूप में नीलाम हुई। जून 2003 टिम सिरिसर जिन्होंने ‘हू वांट्स टू बी ए मिलिनियर’ शो जीता ने ब्रेडमैन की इस टोपी को 283,000 यूएस डॉलर की बोली लगाकर खरीदा। ब्रेडमैन ने इस कैप को 1948 में इंग्लैंड के अपने अंतिम दौरे पर पहना था। इस कैप को पहन कर अपना अंतिम शतक बनाने वाले ब्रेडमैन अंतिम पारी में शून्य पर आउट हुए थे।
7. सबसे ज्यादा उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड
सबसे ज्यादा उम्र में फर्स्ट क्लास मैच खेलने का रिकॉर्ड बंबई के गवर्नर राजा महाराज सिंह के नाम दर्ज है। उन्होंने 72 साल 192 दिन की उम्र में अपना फर्स्ट क्लास मैच खेला। इस मैच में वो केवल 4 रन ही बना पाए थे।
8. ब्लाइंड वर्ल्ड कप में एक पारी में सबसे ज्यादा रन
1998 में पहला ब्लाइंड वर्ल्ड कप खेला गया। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के बल्लेबाज मसूद जन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 262 रन बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। इस रिकॉर्ड को गिनिज बुक में भी दर्ज किया गया।
9. सबसे ज्यादा देर तक नेट पर बल्लेबाजी करने का रिकॉर्ड
नेट पर सबसे ज्यादा देर तक बल्लेबाजी का रिकॉर्ड विशाखापत्तनम के नागराजू बुदुमुरू के नाम दर्ज है। नागराजू बुदुमुरू ने 82 घंटे तक नेट पर बल्लेबाजी कर ये रिकॉर्ड अपने नाम किया।